Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

पर्यटन सीजन में पर्यटकों की सुविधाओं का खयाल रखना होगा: जिलाधिकारी

1001600623

अल्मोड़ा(आरएनएस)। वर्तमान पर्यटन सीजन में पर्यटकों की आवाजाही के दृष्टिगत जनपद के पर्यटक स्थलों में पार्किंग व्यवस्था, साफ सफाई, विद्युत एवं जलापूर्ति आदि के संबंध में जिलाधिकारी आलोक कुमार पांडेय ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए हमारी व्यवस्थाएं चाक चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन सीजन में पर्यटकों की सुविधाओं का खयाल रखना होगा। इसके लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्यटक स्थलों समेत जनपद के अन्य क्षेत्रों में भी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए। जागेश्वर धाम की व्यवस्थाओं के लिए उन्होंने कहा कि धाम में साफ सफाई नियमित हो, पार्किंग की व्यवस्था सुदृढ़ हो तथा शौचालय आदि की के लिए पर्यटकों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। उन्होंने जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस सीजन में सफाई कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती रहे। अरतोला पार्किंग के पास शौचालय की व्यवस्था की जाए। सोमेश्वर में आने वाली जाम की समस्या का भी जिलाधिकारी ने संज्ञान लिया। उन्होंने पुलिस एवं अन्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि जाम का समाधान करने हेतु वाहनों की सुव्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सड़क मार्ग के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश संबंधितों को दिए। उन्होंने जनपद में पेयजल एवं बिजली की समुचित आपूर्ति के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। कहा कि बिजली लाइन में फॉल्ट आने पर उसको रिस्टोर जल्द से जल्द किया जाए। पंपिंग योजनाओं से पानी की नियमित एवं व्यवस्थित रूप से सप्लाई की जाए। जिन क्षेत्रों से पानी किल्लत की शिकायतें आ रही हैं, उन क्षेत्रों में प्राथमिकता से कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी विभागों से समन्वय बनाकर रखें। जिलाधिकारी ने क्वारब स्लाइडिंग जोन में चल रहे सुधारात्मक कार्य की भी समीक्षा की। उन्होंने कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जाहिर की तथा कार्यों को तेजी से करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग जे एस ह्यांकि, पुलिस उपाधीक्षक अल्मोड़ा,  जिला पर्यटन अधिकारी प्रकाश सिंह खत्री समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।