अल्मोड़ा। अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता और तैयारियों की समीक्षा के लिए रानीखेत फायर सर्विस ने विभिन्न संस्थानों में फायर रिस्क निरीक्षण किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अल्मोड़ा नरेंद्र सिंह कुंवर के पर्यवेक्षण में प्रभारी अग्निशमन अधिकारी रानीखेत गणेश चंद्र ने आईएमपीसीएल कंपनी मोहन, डेन होटल और उपासना होटल में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान संस्थानों में स्थापित अग्निशमन उपकरणों की जांच की गई तथा कर्मचारियों को उपकरणों के सही संचालन और उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही प्रबंधकों को निर्देशित किया गया कि सभी अग्निशमन उपकरण हमेशा कार्यशील स्थिति में रखें। निरीक्षण के दौरान वनाग्नि सीजन को ध्यान में रखते हुए संस्थान प्रबंधकों को अपने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई बनाए रखने तथा आग की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने के निर्देश भी दिए गए। फायर सर्विस की ओर से प्रबंधकों को अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना देने के लिए भी प्रेरित किया गया, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
अग्नि सुरक्षा को लेकर रानीखेत फायर सर्विस ने किया फायर रिस्क निरीक्षण




