APNA UTTARAKHAND NEWS

उत्तराखंड की आवाज

देवभूमि की पांचों लोक सभा सीट भाजपा जीतेगी: खंडूड़ी

विकासनगर(आरएनएस)।  विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार महासू धाम हनोल पहुंचीं ऋतु खंडूड़ी ने पूजा अर्चना कर प्रदेश वासियों की सुख समृद्धि की कामना की। हनोल पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। पूजा अर्चना के बात मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि महासू धाम के प्रति उनकी और उनके परिवार की अपार श्रद्धा है। लोकसभा चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद वह मंदिर में माथा टेकने आई हैं। कहा कि देवभूमि में सनातन और देवी देवताओं के प्रति श्रद्धा और आस्था रखने वाले प्रत्याशी ही जीत कर लोकसभा में पहुंचेंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड से पांचों सीटें भाजपा ही जीतेगी। जनता इस बार रिकॉर्ड मतों से भाजपा प्रत्याशियों को जिता कर संसद भेजेगी। कहा कि 2047 के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए मोदी का तीसरी बार लगातार प्रधानमंत्री बनना जरूरी है। लिहाजा पूरे देश की जनता भाजपा को चार सौ से अधिक सीट देगी। मोदी सरकार ने देश के हर वर्ग के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के जीवन स्तर में सुधार किया है। देश से भ्रष्टाचार को मिटाकर सरकारी धन का उपयोग जनता के विकास के कार्यों में हो रहा है। भ्रष्टाचारियों को उनके किए की सजा मिल रही है। प्रदेश सरकार के कार्यों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि समान नागरिक संहिता लागू करना सरकार का ऐतिहासिक कदम है। 2025 में उत्तराखंड देश के सर्वश्रेष्ठ राज्य की श्रेणी में पहले पायदान पर होगा। इस दौरान त्यूणी मंडल अध्यक्ष नीरज शर्मा, रतन चौहान, तुलवीर सिंह, मनोज बिजल्वाण आदि मौजूद रहे।