Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

न्यायालय को धमकी भरे मेल के बाद सुरक्षा कड़ी, एसएसपी ने किया निरीक्षण


अल्मोड़ा। जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर मिले धमकी भरे मेल के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए न्यायालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार 19 फरवरी को न्यायालय की ईमेल के स्पैम सेक्शन में अज्ञात स्रोत से एक धमकी भरा संदेश प्राप्त हुआ था। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट करते हुए पूरे परिसर में निगरानी बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने शुक्रवार को न्यायालय परिसर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालय परिसर में आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों की सघन जांच, संदिग्ध वस्तुओं की तलाशी और वाहनों की नियमित चेकिंग सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और अन्य तकनीकी संसाधनों की प्रभावी निगरानी पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान पुलिस बल को सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया टीम को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा और शांति भंग करने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।