Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

एसएसजे विवि में शेक्सपियर का भावपूर्ण स्मरण

अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के अंग्रेजी एवं विदेशी भाषा विभाग में विश्व साहित्य के महान नाटककार और कवि विलियम शेक्सपियर की 461वीं जयंती और 409वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भावपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विभागाध्यक्ष प्रोफेसर अरविंद सिंह अधिकारी ने शेक्सपियर के जीवन, कृतित्व और साहित्यिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शेक्सपियर का जन्म 23 अप्रैल 1564 को हुआ था और संयोगवश उनका निधन भी 23 अप्रैल को ही, वर्ष 1616 में हुआ। इस दुर्लभ संयोग के कारण 23 अप्रैल की तिथि साहित्य जगत में विशेष महत्व रखती है। उन्होंने कहा कि शेक्सपियर न केवल अंग्रेजी साहित्य, बल्कि विश्व साहित्य के अमर स्तंभ हैं, जिनकी कृतियाँ आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं जितनी वे उनके समय में थीं। उनके नाटक, कविता और पात्र आज भी मानव मन की गहराइयों को समझने में हमारी मदद करते हैं। कार्यक्रम में प्रोफेसर निर्मला पंत, डॉ प्रज्ञा वर्मा, डॉ मीनाक्षी आर्या, डॉ ज्योति किरन, डॉ आस्था नेगी सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने भी शेक्सपियर की रचनाओं से प्रेरित होकर विचार साझा किए और उनके पात्रों की प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे वातावरण भावनात्मक और साहित्यिक उल्लास से भर गया।