Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में गरिमा जोशी ने जीते तीन पदक

अल्मोड़ा। द्वाराहाट क्षेत्र के छतगुल्ला गांव की पैरा एथलीट गरिमा जोशी ने नई दिल्ली में आयोजित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन पदक जीतकर देश और उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित हुई, जिसमें भारत के अलावा रूस, नेपाल, भूटान, हांगकांग, सर्बिया, बोस्निया-हर्ज़ेगोविना और मिस्र के खिलाड़ियों ने भाग लिया। महिला एफ-55 वर्ग में प्रतिस्पर्धा करते हुए गरिमा जोशी ने डिस्कस थ्रो में 19.24 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया। इसके अलावा जैवलिन थ्रो में 16.80 मीटर और शॉट पुट में 5.40 मीटर के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रयासों के साथ दो रजत पदक भी अपने नाम किए। एफ-55 वर्ग पैरा एथलेटिक्स की वह श्रेणी है, जिसमें स्पाइनल कॉर्ड इंजरी या निचले अंगों की अक्षमता वाले खिलाड़ी प्रतिस्पर्धा करते हैं। इस वर्ग में खिलाड़ी विशेष सीटेड थ्रोइंग बेंच पर बैठकर थ्रो करते हैं। गरिमा जोशी की इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।