देहरादून(आरएनएस)। भाजपा ने युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान शुरू कर दिया। इसके तहत 18 से 35 साल के युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी मुख्यालय में इस अभियान की शुरूआत की। मंगलवार को अभियान का शुभारंभ करते हुए बड़ी संख्या में युवाओं को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। इस अवसर पर पार्टी अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश ने कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों का ऐसा कालखंड झेला है जिसने देश के विकास की रफ्तार को बाधित किया। उन्होंने कहा कि आपने गलत नीतियों का वह दौर नहीं देखा जिसकी वजह से लंबा अंतराल बीतने के बावजूद हम विकासशील से विकसित देश नहीं बन पाए। लेकिन युवाओं ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश का स्वर्णिम काल देखा है। जिसमें भारत आर्थिक, सामाजिक एवं सामरिक क्षेत्रों में महाशक्ति बनकर उभर रहा है। इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय सचिव कौस्तुभानंद जोशी, प्रदेश मिडिया प्रभारी मनवीर चौहान, राजेंद्र नेगी, हनी पाठक, सुभाष बड़थ्वाल, धीरेंद्र पंवार के साथ ही नए ज्वाइन करने वाले युवा मौजूद रहे।
75 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य
महेंद्र भट्ट ने बताया कि नए मतदाताओं को जोड़ने का अभियान राज्यभर में 15 नवंबर तक चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान 75 हजार युवाओं को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। इसी के तहत मंगलवार को भाजपा नेत्री जानकी नौटियाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने पार्टी में शामिल हुए।