चमोली(आरएनएस)। लोक चेतना मंच एवं माउंटेनहब की ओर से सोमवार को जीआईसी लंगासू में लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान हिमाद संस्था की प्रभा रावत ने छात्र-छात्राओं के साथ लिंग भेद कैसे समाज में महिला पुरुष के बीच गैर बराबरी के लिए जिम्मेदार है इस पर अनेक गतिविधियां की। उन्होंने खेल के माध्यम से लड़का और लड़की में किए जाने वाले भेदभाव को समझाया और यह भी बताया कि यही भेद आगे चलकर महिलाओं पर हिंसा का कारण बनता है। उन्होंने कहा कि अभी भी समाज में महिलाओं व लड़कियों की सुरक्षा एक बड़ा सवाल है। निर्भया केस के बाद महिलाओं पर हो रही हिंसा पर रोक लगने की उम्मीद थी लेकिन महिलाओं पर हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। जब तक समाज में महिला और पुरुष में भेदभाव किया जायेगा लिंग आधारित हिंसा कभी भी खत्म नहीं होगी। कहा गया कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के 12 जिलों में लैंगिक समानता पर जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर लोक चेतना मंच से कैलाश बिष्ट, मातवर बिष्ट सहित स्कूल के अध्यापक, अध्यापिकाएं उपस्थित थे।
लैंगिक संवेदनशीलता विषय पर जागरूक किया
