Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

प्रयागराज महाकुंभ 2025: अल्मोड़ा से संघ की अनोखी पर्यावरण संरक्षण पहल

Spread the love


प्रयागराज महाकुंभ 2025 को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अल्मोड़ा में एक विशेष पर्यावरण संरक्षण अभियान की शुरुआत की है। 13 जनवरी से 26 फरवरी 2025 तक आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में 35 से 40 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

अभियान के तहत संघ के स्वयंसेवक प्रत्येक घर से एक थैला और एक थाली एकत्र करेंगे, जिससे तीर्थयात्रियों को प्लास्टिक की जगह टिकाऊ साधन उपलब्ध कराए जा सकें। इस पहल का मुख्य उद्देश्य महाकुंभ को प्लास्टिक कचरे से मुक्त करना और स्वच्छता को बढ़ावा देना है।

संघ के पर्यावरण एवं जल संरक्षण प्रमुख गौरव पंत के निर्देशन में इस अभियान का संचालन हो रहा है। जिला प्रचार प्रमुख राजेंद्र जोशी ने बताया कि इस पहल के जरिए समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।

अभियान के प्रचार की जिम्मेदारी नगर प्रचार प्रमुख मनीष तिवारी और सह नगर प्रचार प्रमुख हरीश त्रिपाठी को सौंपी गई है। अभियान के अंतर्गत कारखाना बाजार, अल्मोड़ा में बद्रीश जी की लक्ष्मी एजेंसी से विशेष वर्गाकार थाली खरीदी जा सकती है। जिसे कपड़े के झोले के साथ लाला बाजार, अल्मोड़ा में किशन सिंह गुरूरानी की दुकान पर सीधे जमा भी किया जा सकता है।

यह पहल महाकुंभ को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने के साथ-साथ ‘स्वच्छ भारत अभियान’ को भी सशक्त करेगी। इससे श्रद्धालुओं और आम जनता में प्लास्टिक के नकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलेगी और जिम्मेदार पर्यटन की भावना को बढ़ावा मिलेगा।