Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

धौलछीना में रामलीला का शुभारंभ, राम जन्म प्रसंग के मंचन ने मोहा मन

Spread the love


धौलछीना। श्री रामलीला कमेटी धौलछीना की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव का रविवार रात आठ बजे विधिवत शुभारंभ हुआ। भैंसियाछाना के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर रामलीला का उद्घाटन किया। पहले दिन राम जन्म सहित विभिन्न पौराणिक प्रसंगों का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए क्षेत्र के लोगों में उत्साह रहा। रामलीला की शुरुआत नटी-सूत्रधार प्रसंग से हुई। इसके बाद रावण, कुंभकर्ण और विभीषण की घोर तपस्या और वरदान प्राप्त करने, रावण द्वारा कैलाश पर्वत उठाने, मुनियों की तपस्या, राजा दशरथ के पुत्रेष्टि यज्ञ और भगवान श्रीराम के जन्म के प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से पौराणिक कथाओं को जीवंत कर दर्शकों को भावविभोर किया। मंचन में शिव की भूमिका नत्थीराम नौटियाल, पार्वती की कंचन शुगड़ा, रावण की उमेश मनराल, कुंभकर्ण की नंदन सिंह, विभीषण की राकेश मेहरा, नारद की कुंदन मेहरा, सूत्रधार की प्रशांत रावत, नटी की काजल बोरा और राजा दशरथ की भूमिका चिरंजीलाल वर्मा ने निभाई। रामलीला के शुभारंभ के साथ ही धौलछीना में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का माहौल बनने लगा है। आगामी दिनों में रामलीला के अन्य प्रसंगों का मंचन किया जाएगा, जिनके माध्यम से दर्शकों को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और धर्म के संदेश से रूबरू होने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *