Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

समाजसेवी थपलियाल ने दी जलसमाधि की चेतावनी

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।    अलकनंदा जल विद्युत परियोजना के प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर समाजसेवी सतीश थपलियाल ने परियोजना निदेशक को पत्र भेजा है। पत्र के माध्यम से उन्होंने नौ सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई करने की मांग की है। थपलियाल ने कहा कि 28 फरवरी तक मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो वह जल समाधि लेने को मजबूर होंगे। बताया कि परियोजना को शुरू हुए 10 साल से अधिक का समय हो गया है, लेकिन अभी तक प्रभावित परिवारों के साथ किए गए करार को पूरा नहीं किया गया। उन्होंने प्रभावित परिवार के सदस्यों को नौकरी देने, मंजाकोट नाले पर मोटर पुल निर्माण, पावर चैनल के दोनों ओर की सड़कों का डामरीकरण करने झील से पावर हाउस के बीच सूखी नदी में जल प्रवाह बनाए रखने समेत अन्य मांगे रखी हैं। थपलियाल ने कहा कि तीन सप्ताह के भीतर अगर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो 18 फरवरी से सभी प्रभावित परिवार अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। इसके उपरांत भी अगर कोई ठोस निर्णय परियोजना द्वारा नहीं लिया जाता है तो 28 फरवरी को वह जलसमाधी लेने के लिए मजबूर होंगे।