Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

चारधाम यात्रा और कुंभ के लिए रेलवे पुलिस ने शुरू की तैयारी

Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)। आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से जीआरपी थाना लक्सर, जीआरपी थाना नजीबाबाद (उत्तर प्रदेश), आरपीएफ थाना नजीबाबाद, मुरादाबाद मंडल, कोतवाली कोटद्वार के पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की संयुक्त गोष्ठी आयोजित की गई। वहीं, रेलवे सुरक्षाकर्मियों ने ट्रेन में आकस्मिक चेकिंग की और यात्रियों को आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के प्रति जागरूक किया। पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड के निर्देश पर कोटद्वार जीआरपी चौकी परिसर में बैठक हुई। जीआरपी लक्सर की थानाध्यक्ष रचना देवरानी की अध्यक्षता में हुई गोष्ठी में आगामी चारधाम यात्रा व कुंभ मेला 2027 के दौरान यात्री सुरक्षा से जुड़े बिंदुओं पर मंथन हुआ। ट्रेनों में होने वाली जहरखुरानी, चोरी, छिनौती की घटनाओं, महिला व बच्चों से संबंधित अपराध के तरीकों, कुछ प्रमुख ट्रेनों, वांछितों, शातिरों आदि के संबंध में चर्चा की गई। थानाध्यक्ष रचना देवरानी ने कहा कि सही समय पर सूचनाओं के आदान प्रदान, ट्रेन एस्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों का एकदूसरे से व्यापक संपर्क किसी भी आपातकाल की स्थिति से निपटने में महत्वपूर्ण होता है। साथ ही यात्रियों की जागरूकता भी जरूरी होती है। गोष्ठी के बाद समूचे पुलिस बल ने कोटद्वार रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, आसपास और प्लेटफार्म पर आकस्मिक चेकिंग की। कोटद्वार से नजीबाबाद के बीच संचालित जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन एवं नजीबाबाद से लक्सर के बीच संचालित अन्य ट्रेनों में यात्रियों को जहरखुरानी व ट्रेनों में यात्रा के दौरान होने वाले अपराधों से बचाव के संबंध में जागरूक किया। गोष्ठी एवं अभियान में आरपीएफ नजीबाबाद के थाना प्रभारी व कोटद्वार आरपीएफ से पुलिस बल, जीआरपी थाना नजीबाबाद व लक्सर का पुलिस बल एवं कोटद्वार कोतवाली की बाजार चौकी से पुलिसकर्मी शामिल रहे।