जागेश्वर। श्री राम सिंह धौनी राजकीय महाविद्यालय जैती में छात्रसंघ अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि गोविंद सिंह कुंजवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान महाविद्यालय के पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने शॉल ओढ़ाकर तथा बैज लगाकर उनका स्वागत किया। समारोह को संबोधित करते हुए गोविंद सिंह कुंजवाल सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को राजनीति, जनसेवा और सामाजिक सहभागिता के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि राजनीति केवल सत्ता और पद हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को समझने, जनहित के मुद्दों को उठाने और विकास में भागीदारी निभाने का जरिया है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सामाजिक चेतना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करनी चाहिए। वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्थानीय संसाधनों के सदुपयोग और जनसहभागिता को समाज के समग्र विकास के लिए जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने क्षेत्र और समाज के विकास में रचनात्मक योगदान देने का आह्वान किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संतोष कुमार ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि महाविद्यालय के विकास में छात्रसंघ की महत्वपूर्ण भूमिका है। विद्यार्थियों को पढ़ाई, आधारभूत सुविधाओं और महाविद्यालय की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं को छात्रसंघ के माध्यम से प्रशासन के सामने रखना चाहिए। उन्होंने समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। प्राचार्य ने कहा कि महाविद्यालय का विकास किसी एक व्यक्ति या संस्था के प्रयासों से संभव नहीं है। इसके लिए प्राचार्य, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों, छात्रसंघ और स्थानीय समाज को मिलकर काम करना होगा। समारोह में नवीन चंद्र कोहली, नाथ सिंह धानक, प्रकाश चंद्र आर्य, गोपाल मेहरा, दीवान सिंह बोरा, गंगा सिंह धानक आदि सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
जैती महाविद्यालय में छात्रसंघ पदाधिकारियों का अभिनंदन, कुंजवाल ने विद्यार्थियों को दी जनसेवा की सीख








Leave a Reply