Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

दीपावली को लेकर अल्मोड़ा पुलिस अलर्ट, 198 वाहन चालकों के चालान

Spread the love


अल्मोड़ा। दीपावली पर्व के मद्देनजर जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अल्मोड़ा पुलिस ने चेकिंग और गश्त अभियान तेज कर दिया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 198 वाहन चालकों के चालान किए गए, जबकि चार वाहनों को सीज किया गया। वहीं, बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे 24 बाहरी व्यक्तियों के खिलाफ भी पुलिस एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों के साथ यातायात पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस जनपद के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर वाहनों की जांच कर रही है। रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की तलाशी लेने के साथ ही उनसे पूछताछ भी की जा रही है। इसके अलावा होटल, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों में चेकिंग कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया जा रहा है। पुलिस की ओर से बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन की भी जांच की जा रही है। बिना सत्यापन के रह रहे लोगों के साथ ही बिना पुलिस सत्यापन किरायेदार और मजदूर रखने वाले मकान मालिकों के संबंध में भी कार्रवाई की जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की निगरानी भी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, किरायेदारों और श्रमिकों का पुलिस सत्यापन कराने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *