Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कायाकल्प टीम ने जांची संयुक्त चिकित्सालय की व्यवस्थाएं

Spread the love

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।  उपजिला संयुक्त चिकित्सालय में बुधवार को कायाकल्प अंतर्गत व्यवस्थाओं की जांच के लिए दो सदस्यीय टीम ने मुआयना किया। टीम ने उपजिला चिकित्सालय के व्यवस्थाओं की जानकारी ली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कायाकल्प अवार्ड के लिए इन दिनों प्रदेशभर के मुख्य अस्पतालों का निरीक्षण किया जा रहा है। उपजिला संयुक्त चिकित्सालय में निरीक्षण करने पहुंची टीम ने इमरजेंसी वार्ड का निरीक्षण किया।यहां टीम ने बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण करने की जगह का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने गायनी वार्ड सहित आपरेशन थेयटर का निरीक्षण किया। टीम का नेतृत्व कर रहे ऊधमसिंहनगर जिला चिकित्सालय के डॉ़. अजयवीर ने कहा कि निजी अस्पतालों में साफ-सफाई से लेकर अन्य व्यवस्थाओं की तर्ज पर सरकारी अस्पतालों में भी निजी अस्पतालों जैसी व्यवस्थाएं हैं या नहीं इसे लेकर निरीक्षण किया जा रहा है। अगर अस्पताल कायाकल्प अवार्ड के लिए क्वालीफाई करता है तो उसके बाद प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 50 लाख रुपये दिए जाते हैं, जबकि दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले को 25 लाख रुपये की धनराशि दी जाती है। कहा कि निरीक्षण के दौरान मिली खामियों पूरा करने के लिए चिकित्साधिकारी को सुझाव दिए गये हैं। निरीक्षण टीम में डा. पंकज माथुर समेत संयुक्त चिकित्सालय के चिकित्सा अधिकारी डा. विमल सिंह गुसाईं आदि मौजूद थे।