Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डीएम ने राजस्व की मासिक स्टाफ समीक्षा बैठक ली

Spread the love

लापरवाही बरतने पर 5 अफसरों का वेतन रोका

पौड़ी(आरएनएस)।  जिलाधिकारी डा. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को राजस्व की मासिक स्टाफ समीक्षा बैठक ली। बैठक में डीएम ने ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत जोंक, थलीसैंण व सतपुली के ईओ द्वारा न्यून प्रगति के चलते वेतन रोकने के निर्देश दिए। जबकि राजस्व वादों के आरसीएमएस पोर्टल की मॉनिटरिंग नहीं करने पर डीएम कार्यालय के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी व लंबित वादों की फाइलों में कार्रवाई नहीं करने पर यमकेश्वर तहसील के पेशकार के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिए। शुक्रवार को आयोजित बैठक में डीएम ने ई-ऑफिस प्रणाली में कार्य नहीं करने वाले विभागों को चेतावनी नोटिस देने, लंबित राजस्वों वादों को समय पर निस्तारण करने, वसूली के कार्यों की प्रगति बढ़ाने व बड़े बकायादारों पर वसूली की कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान बताया गया कि जिले की सभी तहसीलों में कुल 3514 वाद हैं, जिसमें 2331 वादों का निस्तारण कर दिया गया है। डीएम ने कहा कि जिन उज्ज्वला गैस कनेक्शनों का लाभार्थियों द्वारा गलत उपयोग किया जा रहा है उन पर कार्रवाई की जाए। ई-ऑफिस की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत थलीसैंण 6, जोंक में 7 व सतपुली में 9 फाइलों पर ही कार्य करने की बात सामने आई। डीएम ने नाराजगी जताते हुए तीनों ईओ को ई-ऑफिस प्रणाली में तेजी लाने, एडीएम को सब रजिस्ट्रार कार्यालय कोटद्वार का निरीक्षण करते हुए अभी तक हुई रजिस्ट्री की रिपोर्ट देने और अफसरों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम अनिल गर्ब्याल, प्रशिक्षु आईएएस दीक्षिता जोशी, एसडीएम श्रीनगर नूपुर वर्मा, कोटद्वार सोहन सैनी, लैंसडौन शालिनी मौर्य, यमकेश्वर अनिल चन्याल, धुमाकोट रेखा यादव, सतपुली श्रेष्ठ गुनसोला आदि शामिल रहे।