Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अंबेडकर जयंती के अवसर पर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित हुई विचार गोष्ठी

Spread the love

अल्मोड़ा। संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया। कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय चौघानपाटा में डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। इस दौरान “डॉ. भीमराव अंबेडकर अमर रहें” के नारों से माहौल गूंज उठा। इसके उपरांत कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने की, जबकि संचालन नगर कांग्रेस अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी ने किया। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने इस अवसर पर डॉ. अंबेडकर के जीवन संघर्ष और उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बचपन से ही उन्होंने विषम परिस्थितियों में जीवन व्यतीत किया और अपने त्याग व समर्पण के बलबूते संविधान निर्माता बने। उन्होंने कहा कि आज हम सभी को जो न्याय, समानता और स्वतंत्रता का अधिकार प्राप्त है, वह अंबेडकर की दूरदृष्टि और संघर्ष का परिणाम है। विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता लाने के लिए शिक्षा को सबसे बड़ा हथियार बनाया और यही शिक्षा उन्हें देश के उच्चतम शिखर तक ले गई। पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने डॉ. अंबेडकर के साहस और अडिग संकल्प को याद करते हुए कहा कि वे हर परिस्थिति में अडिग रहे और कभी हार नहीं मानी। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी आश्रित तारा चंद्र साह, मनोज कुमार जोशी, सुनील कुमार वाल्मीकि सहित कई वक्ताओं ने अंबेडकर के विचारों पर चर्चा की। कार्यक्रम में भैरव गोस्वामी, पूर्व दर्जा मंत्री पूरन रौतेला, वरिष्ठ कांग्रेसी अमरजीत सिंह भाकुनी, कांग्रेस प्रवक्ता निर्मल रावत, जिला महामंत्री दिनेश पिलख्वाल, महामंत्री परितोष जोशी, निर्मला कांडपाल, फेमिना खान, पार्षद वैभव पांडे, युकां नगर अध्यक्ष जगदीश तिवारी, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज बिष्ट, पूर्व प्रधान जगदीश पांडे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।