Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

रेट्रो साइलेंसर और स्टंटबाजों पर अल्मोड़ा पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई

Spread the love

अल्मोड़ा(आरएनएस)। शहर में ध्वनि प्रदूषण और सड़क पर जानलेवा स्टंट करने वालों के खिलाफ अल्मोड़ा पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों के लिए खतरे का सबब बन रहे स्टंटबाजों को चिन्हित कर उन पर शिकंजा कसा जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जनपद के समस्त थाना, चौकी, यातायात निरीक्षक और इंटरसेप्टर प्रभारियों को रेट्रो साइलेंसर से ध्वनि प्रदूषण फैलाने और स्टंट के जरिए आमजन की सुरक्षा को खतरे में डालने वालों पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कोतवाली अल्मोड़ा के प्रभारी निरीक्षक योगेश चन्द्र उपाध्याय के नेतृत्व में उप निरीक्षक बृजमोहन भट्ट और पुलिस टीम द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक मोटरसाइकिल सवार पकड़ा गया, जो रेट्रो साइलेंसर के साथ अत्यधिक शोर कर रहा था और खतरनाक ढंग से जिग-जैग करते हुए वाहन चला रहा था। चालक के पास न तो वाहन का पंजीकरण प्रमाणपत्र था और न ही बाइक पर नंबर प्लेट लगी थी। साथ ही वह तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। इस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 12,500 रुपये का चालान किया गया और मोटरसाइकिल को सीज कर दिया गया। जांच में सामने आया कि उक्त चालक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी जानलेवा स्टंट करते हुए वीडियो पोस्ट करता था। आम जनता द्वारा भी उसके खिलाफ कई शिकायतें की गई थीं। अल्मोड़ा पुलिस द्वारा ऐसे स्टंटबाजों को चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि शहर की सड़कों को सुरक्षित बनाया जा सके। साथ ही ऐसे वाहनों में अवैध रूप से मॉडिफिकेशन करने वाले मैकेनिकों को भी सख्त चेतावनी दी गई है।