Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

भविष्य में सेमीकंडक्टर स्टार्टअप्स का प्रमुख केंद्र बनेगा पंतनगर: राज्यपाल

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।     राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने कहा कि पंतनगर निकट भविष्य में सेमीकंडक्टर स्टार्टअप्स का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में युद्ध तकनीकी होंगे, जिनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ड्रोन और गाइडेड मिसाइलों की भूमिका निर्णायक होगी और इनमें सेमीकंडक्टर चिप्स की अहम भूमिका होगी। राजभवन देहरादून में बुधवार को आयोजित कुलपति सम्मेलन के दौरान राज्यपाल के समक्ष गोविन्द बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर की ओर से सेमीकंडक्टर क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि तकनीकी क्षेत्र में छात्र स्वयं के गुरु और शिष्य दोनों होते हैं।
उन्हें न केवल सीखना है, बल्कि दूसरों को प्रशिक्षित करना भी है। विश्वविद्यालय के चार छात्रों अंजली गोस्वामी, विदुषी मित्तल, श्रेयांश और वंश अग्रवाल ने एक विस्तृत तकनीकी प्रेजेंटेशन प्रस्तुत किया। प्रस्तुति के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि भारत सरकार के चिप टू स्टार्टअप (सीटूएस) कार्यक्रम के अंतर्गत विश्वविद्यालय को लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से वीएलएसआई लैब की स्थापना के लिए उन्नत उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। इन उपकरणों के माध्यम से छात्रों को अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें। विगत एक वर्ष में 30 से अधिक छात्रों को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित किया गया है और उन्हें इंटर्नशिप के अवसर भी प्रदान किए गए हैं। प्रत्येक वर्ष 60 छात्रों को छह सप्ताह की औद्योगिक ट्रेनिंग और इंटर्नशिप दी जाएगी। यह गर्व का विषय है कि इस कार्यक्रम में प्रशिक्षण प्राप्त सभी 10 छात्रों का चयन सेमीकंडक्टर स्टार्टअप ‘नेक्स्ट्रॉन टेक्नोलॉजी में हो चुका है। इस अवसर पर डॉ. आरपीएस गंगवार, डॉ. अजीत सिंह नैन, अंजली गोस्वामी, विदुषी मित्तल, श्रेयांश, वंश अग्रवाल, पायल बिष्ट, ज्योति पंत, करण बत्रा, मोहित पाण्डेय, मोहित सरकार और विवेक कुमार उपस्थित रहे।