अल्मोड़ा। नन्दा देवी महोत्सव के तहत गुरुवार को नगर में स्कूली बच्चों की झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह राजा आनंद सिंह बालिका इंटर कॉलेज से निकली शोभायात्रा मुख्य बाजार से होते हुए मां नन्दा देवी मंदिर प्रांगण तक पहुंची। रास्ते में लोगों ने बच्चों का स्वागत किया और कार्यक्रम को देखा। मंदिर प्रांगण में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। पारंपरिक नृत्य, झांकियां और स्थानीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान खींचा। बाजार क्षेत्र में झांकियां देखने के लिए लोगों की भीड़ जुटी रही। कार्यक्रम की शुरुआत नगर निगम महापौर अजय वर्मा, कुमाऊं मंडल एक्स पैरामिलिट्री फोर्स पर्सनल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष मनोहर सिंह नेगी, पार्षदों और मेला समिति के सदस्यों ने की। महापौर ने कहा कि नन्दा देवी महोत्सव नगर की संस्कृति और आस्था से जुड़ा पर्व है, जिसमें सभी की सहभागिता इसे खास बनाती है। विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने छोलिया नृत्य, झोड़ा, चांचरी और पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में मोहन जोशी, नीरज सिंह बिष्ट और हर्ष टम्टा मौजूद रहे, जिन्होंने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। आयोजन को सफल बनाने में मेला समिति, जिला प्रशासन और पुलिस की भूमिका रही। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की ओर से विशेष प्रबंध किए गए थे। मेला समिति ने बताया कि आने वाले दिनों में भी कई सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नन्दा देवी महोत्सव शुभारम्भ के अवसर में स्कूली बच्चों की झांकियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित

Leave a Reply