Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नए भूस्खलन जोन ने बढ़ाई ऑल वेदर परियोजना के लिए मुसीबतें

श्रीनगर गढ़वाल(आरएनएस)।  इस बार की बरसात के बाद राजमार्ग पर कई जगहों पर नए भूस्खलन जोन बन गए हैं। ऋषिकेश से लेकर रुद्रप्रयाग एवं टिहरी से मलेथा तक 33 जगहों पर नए स्लाइडिंग जोन बनने से पहाड़ी से कई बार मलबा राजमार्ग पर आ रहा है। राजमार्ग पर नए भूस्खलन जोन ऑल वेदर परियोजना के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। विभाग की मानें, तो नए भूस्खलन जोन बनने से सुरक्षात्मक कार्य लंबे समय तक चल सकते हैं। ताकि एनएच पर आवाजाही निर्बाध रूप से चलती रहे। वहीं फरासू हनुमान मंदिर के पास राजमार्ग पर हुए भूधंसाव का ट्रीटमेंट कार्य भी विभाग के लिए एक बड़ी चुनौती है। यहां पर हाईवे का निचला हिस्सा नदी के कटाव की जद में आकर धंस रहा है। एनएच लोनिवि राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता राजबीर सिंह चौहान ने बताया कि 33 नई लोेकेशन पर स्लाइडिंग जोन बन गए हैं। देवप्रयाग बाजार, मूल्यागांव सहित कई जगहों पर ज्यादा दिक्कतें चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी लोकेशन पर अधिकतम सुरक्षात्मक कार्य किए जाने की आवश्यकता है। जिसके लिए टीएचडीसी द्वारा डीपीआर बनाई जा रही है। बताया कि फरासू राजमार्ग पर भूधंसाव के ट्रीटमेंट के लिए टीएचडीसी ने डीपीआर बनाकर भारत सरकार भेज दी है। कहा कि विभाग द्वारा प्रत्येक जगहों पर यातायात को सुचारू रखने के पुरजोर प्रयास किए जा रहे हैं।