Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अल्मोड़ा में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने की मेडिकल स्टोरों की जांच

1001600623


अल्मोड़ा। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा गठित क्विक रिस्पांस टीम ने जनपद अल्मोड़ा में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। टीम में औषधि निरीक्षक अल्मोड़ा पूजा जोशी और औषधि निरीक्षक बागेश्वर पूजा रानी शामिल रहीं। अभियान के दौरान कोडीन युक्त कफ सिरप, मनःप्रभावी औषधियों की बिक्री, एंटीबायोटिक दवाओं की चिकित्सकीय पर्चे पर बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग का गहन सत्यापन किया गया। अभियान के तहत लोअर मॉल रोड और बेस अस्पताल क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल रिटेल और होलसेल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि औषधियों का क्रय-विक्रय वैध लाइसेंस के तहत और पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही किया जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की गई कि कोडीन युक्त कफ सिरप, मनःप्रभावी औषधियां और एंटीबायोटिक दवाएं केवल विधिवत चिकित्सकीय पर्चे पर ही दी जा रही हैं। टीम ने मेडिकल स्टोरों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की स्थापना और उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी गहन जांच की। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य नशीली और मनःप्रभावी दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी रोक लगाना और आम जनता, विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखना है। नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित मेडिकल स्टोरों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मेडिकल स्टोर संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दवाएं केवल पंजीकृत और लाइसेंसधारी थोक विक्रेताओं से ही खरीदें तथा किसी भी औषधि की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर तत्काल औषधि प्रशासन को सूचित करें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि जनपद बागेश्वर में भी इस तरह की प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।