Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अथरबनी में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत स्वास्थ्य जांच, एमबीबीएस छात्रों ने लिया फीडबैक

Spread the love


अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान एवं शोध संस्थान के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से ग्रामसभा अथरबनी में फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम के तहत स्वास्थ्य जांच और फीडबैक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य एमबीबीएस विद्यार्थियों को सामुदायिक स्वास्थ्य से जोड़ते हुए उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा। कार्यक्रम संस्थान के प्राचार्य डॉक्टर चंद्र प्रकाश भैसोड़ा और कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉक्टर मसरूफ हसन के निर्देशन में आयोजित किया गया। इसके तहत एमबीबीएस प्रथम वर्ष बैच 2025 के विद्यार्थियों ने पूर्व में गोद लिए गए परिवारों का सर्वे कर उनकी स्वास्थ्य स्थिति, स्वच्छता और आवश्यकताओं का आकलन किया। प्रत्येक विद्यार्थी द्वारा तीन परिवारों को गोद लेकर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान जरूरत के अनुसार भविष्य में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने की योजना भी बनाई गई। ग्राम प्रधान विनोद जोशी ने इस पहल को सार्थक बताते हुए कहा कि इससे एक ओर छात्रों का ग्रामीण परिवारों से जुड़ाव बढ़ेगा, वहीं दूसरी ओर परिवारों को स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिल सकेगी। इस कार्यक्रम में एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। आयोजन में ग्राम प्रधान विनोद जोशी का विशेष सहयोग रहा। कम्युनिटी मेडिसिन विभाग से नरेश कुमार आगरी, दीप चंद्र और मोहम्मद इकबाल चिकित्सकीय समाज कल्याण अधिकारी के रूप में उपस्थित रहे।