Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

छात्रों को साइबर ठगी और हेल्पलाइन 112 की दी जानकारी

Spread the love


अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर बुधवार को पुलिस दूरसंचार, कोतवाली अल्मोड़ा और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें छात्र-छात्राओं और विद्यालय स्टाफ को साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 के उपयोग की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में सीओ संचार राजीव कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अल्मोड़ा योगेश चन्द्र उपाध्याय, उपनिरीक्षक पुलिस दूरसंचार फुरकान अली और साइबर सेल के कांस्टेबल सौरभ ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी, डिजिटल अरेस्ट, म्यूल बैंक खातों, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड और ऑनलाइन धोखाधड़ी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। उन्होंने समझाया कि साइबर अपराधी पुलिस या अन्य सरकारी एजेंसियों के अधिकारी बनकर डिजिटल अरेस्ट का भय दिखाते हैं और पैसे ऐंठने का प्रयास करते हैं, जबकि डिजिटल अरेस्ट जैसी कोई कानूनी प्रक्रिया नहीं है। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से अपील की कि वे किसी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता इस्तेमाल करने के लिए न दें और कमीशन के लालच में अपने खाते में रकम प्राप्त कर दूसरे खाते में ट्रांसफर न करें। साथ ही ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने या आधिकारिक पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा विद्यार्थियों को आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर 112 की उपयोगिता बताई गई। छात्र-छात्राओं को 112 इंडिया ऐप डाउनलोड करने, उसका उपयोग करने और इसके माध्यम से आपातकालीन सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया भी समझाई गई। अंत में विद्यार्थियों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और हेल्पलाइन नंबर 112 की जानकारी अपने परिवार तथा आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *