Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गहरी खाई में गिरी मैक्स, भैयादूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही मां-बेटी समेत तीन की मौत

Spread the love


अल्मोड़ा। भैयादूज का त्योहार मनाकर घर लौट रही मां-बेटी समेत तीन लोगों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बुधवार देर रात नैनी-जागेश्वर-सेराघाट सड़क पर भैंसियाछाना विकासखंड के हरड़ा गांव के पास एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में मां-बेटी और वाहन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की जानकारी रातभर किसी को नहीं मिल सकी और गुरुवार सुबह ग्रामीणों को हादसे का पता चला। जानकारी के अनुसार ग्राम हरड़ा निवासी बसंती गैड़ा पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा अपनी 15 वर्षीय पुत्री अंजली गैड़ा के साथ बुधवार सुबह वाहन संख्या यूके-01-टीए-1299 से अपने मायके पिथौरागढ़ जिले के बुगनी गांव गई थीं। उनके साथ वाहन चालक हयात सिंह उर्फ सूरज सिंह पुत्र स्व. शेर सिंह निवासी ग्राम न्योली हरड़ा भी था। मां-बेटी ने मायके में भैयादूज का त्योहार मनाया और देर शाम चालक के साथ वापस अपने घर लौट रही थीं। घर से करीब आधा किलोमीटर पहले ही हरड़ा के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरा। वाहन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिरने से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में हयात सिंह गैड़ा उर्फ सूरज सिंह, पुत्र स्व. शेर सिंह, निवासी ग्राम न्योली हरड़ा, बसंती गैड़ा पत्नी हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी ग्राम हरड़ा और अंजली गैड़ा पुत्री हिम्मत सिंह गैड़ा, निवासी ग्राम हरड़ा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे से पहले वाहन में तीन अन्य लोग भी सवार थे, लेकिन वे दुर्घटनास्थल से कुछ दूरी पहले उतर गए थे। इसके चलते वे हादसे की चपेट में आने से बच गए। ग्रामीणों के अनुसार वाहन चालक ने करीब दो माह पहले ही यह वाहन खरीदा था। दुर्घटना की जानकारी गुरुवार सुबह होने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही धौलछीना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर तीनों शवों को बाहर निकाला। शवों को सड़क तक पहुंचाने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि पहाड़ की रपटीली सड़कों पर रात के समय सफर बेहद जोखिमभरा बना हुआ है। लोगों ने आशंका जताई कि यदि हादसे की सूचना समय रहते मिल जाती तो संभव है कि राहत और बचाव कार्य पहले शुरू हो पाता। हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय सड़कों पर रात में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *