Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

सामाजिक सरोकारों से रचनात्मक सोच तक, सामाजिक विज्ञान महोत्सव में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

Spread the love


अल्मोड़ा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अल्मोड़ा में जनपद स्तरीय सामाजिक विज्ञान महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में जनपद के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे विद्यार्थियों ने भाषण, सामान्य ज्ञान क्विज और मॉडल निर्माण प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा, ज्ञान, रचनात्मकता और सामाजिक सरोकारों की समझ का प्रदर्शन किया। महोत्सव का शुभारंभ मुख्य अतिथि राजकीय महिला पॉलिटेक्निक अल्मोड़ा की प्रधानाचार्य रेखा असवाल तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अल्मोड़ा की प्राचार्य प्रेमा बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. दीपा जलाल ने सामाजिक विज्ञान महोत्सव के उद्देश्य और प्रासंगिकता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक विज्ञान के प्रति रुचि एवं जागरूकता विकसित करने के साथ तार्किक एवं समालोचनात्मक दृष्टिकोण, रचनात्मकता, सहयोग की भावना तथा समस्या समाधान जैसे 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों का विकास करना है। महोत्सव के तहत मॉडल निर्माण, भाषण एवं सामान्य ज्ञान क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने समसामयिक एवं सामाजिक विषयों पर अपने विचार रखे। क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने विषयगत समझ, त्वरित निर्णय क्षमता एवं सामान्य ज्ञान का प्रदर्शन किया। वहीं मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने नवाचारी विचारों और रचनात्मक कौशल के माध्यम से सामाजिक विज्ञान की अवधारणाओं को आकर्षक एवं व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत किया। भाषण प्रतियोगिता में मेघा बजेठा ने प्रथम, स्वरांजलि किरौला ने द्वितीय तथा कृष्ण जोशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सामान्य ज्ञान क्विज में हर्षाली चौहान प्रथम, भारत कुमार द्वितीय तथा मयंक सिंह बिष्ट तृतीय रहे। मॉडल निर्माण प्रतियोगिता में राहुल रावत ने प्रथम स्थान हासिल किया। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी राज्य स्तर पर जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। निर्णायक मंडल में डॉ. ललित गिरी, वैज्ञानिक जीबी पंत, दीपा मेहरा, विजेता, एस. भंडारी, डॉ. विजय पंत, उमा तिवारी, हेम भट्ट सहित अन्य विषय विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं मूल्यांकन किया। कार्यक्रम में डॉ. दीपा जलाल सहित संस्थान के सहयोगी शिक्षकों एवं कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन में किरण भाकुनी, प्रकाश जोशी, नवनीत पांडे, मनीष भट्ट और सुमित उपाध्याय ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *