अल्मोड़ा। जनपद में औषधियों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और उनके सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन लगातार प्रभावी कदम उठा रहा है। इसी क्रम में अपर आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन के निर्देश पर औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने जनपद के प्रमुख केंद्रीय औषधि भंडारों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के तहत केंद्रीय औषधि भंडार, जिला चिकित्सा अधिकारी कार्यालय अल्मोड़ा में दवाओं से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत और गहन जांच की गई। इस दौरान दवाओं के क्रय बिल, स्टॉक रजिस्टर, वितरण विवरण और भंडारण व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की गई। साथ ही यह भी परखा गया कि सभी औषधियां निर्धारित तापमान, स्वच्छता और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप सुरक्षित रूप से संग्रहित हैं या नहीं। औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने बताया कि केंद्रीय औषधि भंडार से वितरित की जाने वाली दवाएं सीधे जनस्वास्थ्य से जुड़ी होती हैं, इसलिए उनकी गुणवत्ता और मानकों का पूर्ण पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आमजन को सुलभ, सुरक्षित और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना औषधि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में सरकारी और गैर-सरकारी औषधि विक्रय केंद्रों का नियमित रूप से निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि दवाओं की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता न हो। निरीक्षण के दौरान भंडार कर्मियों को दवाओं के उचित रखरखाव, अभिलेखों के सही संधारण और किसी भी दवा की गुणवत्ता पर संदेह होने की स्थिति में तत्काल औषधि प्रशासन को सूचना देने के निर्देश दिए गए। औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि एनएसक्यू, यानी मानक से निम्न गुणवत्ता वाली, और स्प्यूरियस, यानी नकली दवाओं पर प्रभावी नियंत्रण औषधि प्रशासन का प्रमुख लक्ष्य है और इस दिशा में जनपद में निरंतर तथा कठोर कार्रवाई जारी रखी जाएगी।
औषधियों की गुणवत्ता और सुरक्षित भंडारण को लेकर केंद्रीय औषधि भंडार का औचक निरीक्षण






