Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

आधार कार्ड मांगने और वीडियो वायरल करने पर जताई आपत्ति

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)। शक्तिफार्म क्षेत्र में फेरी लगाने वाले बुजुर्ग से आधार कार्ड मांगने और उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोमवार को भीम आर्मी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर वर्ग विशेष के उत्पीड़न का आरोप लगाया। भीम आर्मी जिलाध्यक्ष सतेन्द्र कुमार ने बताया कि सितारगंज के वार्ड छह निवासी एक 60 वर्षीय बुजुर्ग शक्तिफार्म क्षेत्र में फेरी लगाकर अपनी आजीविका चला रहे थे। इस दौरान उन्हें रोककर आधार कार्ड मांगा गया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। उन्होंने इसे उत्पीड़नात्मक कार्रवाई बताते हुए कहा कि इससे समाज में भय और डर का माहौल बनाया जा रहा है। गरीबों की रोजी-रोटी छीनी जा रही है। वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोगों का कहना है कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध हो तो इसकी सूचना पुलिस को दी जानी चाहिए, न कि वीडियो वायरल कर समाज में गलत संदेश फैलाया जाए। इधर, एसडीएम रविंद्र सिंह जुंवाठा ने पूरे प्रकरण की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।