Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अधिकारियों के गैरहाजिर रहने पर जनप्रतिनिधियों में रोष

1001600623

कोटद्वार(आरएनएस)। साझासैंण स्थित ब्लॉक मुख्यालय के सभागार में क्षेत्र पंचायत समिति दुगड्डा की बैठक में पेयजल, वन्यजीवों से मानव व फसल सुरक्षा, नदियों में बाढ़ सुरक्षा कार्य करवाने के मुद्दे छाए रहे। जनप्रतिनिधियों ने बैठक में सक्षम विभागीय अधिकारियों के उपस्थित न होने पर गहरा रोष जताया। सोमवार को ब्लॉक प्रमुख सूरज सिंह नेगी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। गौला मल्ला की प्रधान रश्मि थपलियाल, बादकोट के प्रधान राजेश काला व देवलखाल के प्रधान वारिस अहमद ने विभाग की ओर से उनके गांवों में पेयजल लाइन बिछाने का कार्य मानकों के अनुरूप नहीं करने की बात कही। ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनील सिंह नेगी ने कहा कि जो विभाग जनसमस्याओं का निस्तारण कर सकते हैं, सिर्फ उन्हें ही बैठक में बुलाया जाए। जिला पंचायत सदस्य सीमा भंडारी एवं सिमलचौड़ की प्रधान रजनी देवी ने कहा कि नगर पालिका दुगड्डा की ओर से सिलगाड, लंगूरगाड व खोह नदी में कराए जा रहे तटबंधों के चौड़ीकरण कार्य से गोदी छोटी, सरुड़ा सकाली में खतरा उत्पन्न हो गया है। पठूड़ अकरा की प्रधान मंजू नेगी ने कहा कि पौखाल में लोनिवि ने सड़क को तोड़ दिया था। सीला की प्रधान किरन देवी ने सीला से फुलणसैंण गांव तक ढाई किमी. सड़क के डामरीकरण की मांग की। भानकोट की प्रधान प्रतिभा रावत ने लंगूर व बंदरों से निजात दिलाने, क्षेपंस बृजमोहन सिंह नेगी ने सिमलचौड़ व भानकोट ग्राम पंचायत में सोलर फेंसिंग लगाने व सोलर लाइट उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी पौड़ी प्रदीप सुंद्रियाल, एबीडीओ राजीव ध्यानी, कनिष्ठ उप प्रमुख आरती काला, बीडीओ बीडी रतूड़ी, एडीओ पंचायत जयदीप सिंह रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष सरदार सिंह नेगी मौजूद थे।