Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

मौसम अलर्ट के चलते अल्मोड़ा में 27 जनवरी को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे बंद

Spread the love

अल्मोड़ा। भारत मौसम विज्ञान विभाग देहरादून की ओर से 26 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे जारी मौसम पूर्वानुमान के आधार पर जनपद अल्मोड़ा में 27 जनवरी को कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार 27 जनवरी को अल्मोड़ा सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं तेज बारिश के साथ गर्जन, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। पूर्वानुमान में अतिवृष्टि की स्थिति बनने पर भूस्खलन, त्वरित बाढ़, बोल्डर गिरने, जलभराव और सड़क बंद होने जैसी घटनाओं की आशंका भी बताई गई है। इसी को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।

जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मुख्य शिक्षाधिकारी अल्मोड़ा और जिला कार्यक्रम अधिकारी अल्मोड़ा को निर्देश दिए हैं कि सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। आदेश का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।