Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

टिकट वितरण से नाराज कांग्रेस जिला महामंत्री त्रिलोचन जोशी ने दिया इस्तीफा

1001600623


अल्मोड़ा। नगर निगम चुनाव में टिकट वितरण पर नाखुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस नेता त्रिलोचन जोशी ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है, उनके पास जिला महामंत्री संगठन का दायित्व था। जिलाध्यक्ष भूपेन्द्र भोज को सौंपे पत्र में उन्होंने कहा कि नवसृजित नगर निगम अल्मोड़ा के चुनाव में जिला कांग्रेस कमेटी एवं वरिष्ठ नेताओं द्वारा नगर निगम मेयर प्रत्याशी के लिए कांग्रेस पार्टी में वर्षों से समर्पित दावेदारों में से किसी एक का चयन नहीं करके मेयर पद का प्रत्याशी एक दिन पहले कांग्रेस पार्टी में शामिल अन्य पार्टी के कार्यकर्ता को देकर उन तमाम समर्पित कार्यकर्ताओं की जनभावनाओं और सम्मान को ठेस पहुँचाई है। उससे वह व्यक्तिगत तौर पर बहुत आहत हैं, क्योंकि उन्हें भी प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नवसृजित पद जिला महामंत्री (संगठन) की जिम्मेदारी सौंपी थी, लेकिन बड़े दुर्भाग्य का विषय है कि उनसे मेयर प्रत्याशी के टिकट के लिए कोई विचार-विमर्श नहीं किया गया था। उन्होंने बाहरी व्यक्ति को टिकट देने की बात करते हुए भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस के समर्पित दावेदार को न्याय एवं इंसाफ नहीं दिला पाने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं और कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे रहे हैं। त्रिलोचन जोशी 2018 में कांग्रेस छोड़कर दमदार तरीके से अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ चुके हैं, हालांकि उन्हे पराजय का सामना करना पड़ा था। 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले वह कांग्रेस में लौट आए थे।