Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बच्चा चोरी के शक में महिला को पोल से बांधकर पीटा

रुद्रपुर (आरएनएस)। ट्रांजिट कैंप के ठाकुर नगर में रविवार को बच्चा चोरी के शक में लोगों ने एक महिला को बिजली के पोल से बांधकर उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले आई।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। इस पर बच्चों के परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और महिला पर बच्चा चोरी का शक जताते हुए उसे पकड़ लिया। इसके बाद लोगों ने उसे बिजली के पोल से बांध दिया और कुछ महिलाओं ने उसकी पिटाई कर दी।

हंगामा बढ़ने पर किसी ने ट्रांजिट कैंप पुलिस को सूचना दी। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों से जानकारी ली। इस दौरान कुछ महिलाएं पुलिस के सामने भी महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिस ने लोगों को समझाकर किसी तरह महिला को उनके चंगुल से छुड़ाया और थाने ले आई।

पूछताछ के दौरान महिला अपने आप से बातें करने लगी। क्षेत्राधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि महिला अर्द्धविक्षिप्त प्रतीत हो रही है और पहले भी थाने आकर हंगामा कर चुकी है। उन्होंने बताया कि महिला की मानसिक स्थिति को देखते हुए उसे छोड़ दिया गया है और उसके संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।