Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

हत्या के मामले में पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए दिल्ली से आई टीम

Spread the love

रुद्रपुर(आरएनएस)।   हत्या के मामले में सोमवार को दिल्ली से आई टीम ने दो आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट किया। परिजनों की मांग पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए न्यायालय में आवेदन किया था। राजीव नगर निवासी अर्जुन शाह कचरा बीनकर जीवनयापन करता था। 22 अप्रैल 2025 को उसका शव खेतलसंडा खाम गांव में रेलवे पटरी के पास तालाब किनारे प्लास्टिक के बोरे में मिला था। मृतक के चेहरे पर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि हुई। इस संबंध में मृतक के भाई नीरज ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के साथ कूड़ा बीनने वाले दो लोगों को आरोपी बनाया, लेकिन उनके खिलाफ ठोस सबूत नहीं मिले। इसके बाद मृतक के भाई ने दोनों आरोपियों का पॉलीग्राफ टेस्ट कराने की मांग की। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को दिल्ली से आई टीम की मदद से दोनों आरोपियों का टेस्ट कराया। कोतवाल बिजेंद्र शाह ने बताया कि मामला उनके कार्यभार संभालने से पहले का है। पॉलीग्राफ टेस्ट की रिपोर्ट फिलहाल गोपनीय रखी गई है। दिल्ली से रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।