Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

बहन पर टिप्पणी से भड़का दोस्त, पत्थर से कुचलकर कर दी किशोर की हत्या

Spread the love

हरिद्वार (आरएनएस) — कनखल क्षेत्र में गंगा किनारे मिले 15 वर्षीय किशोर के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके ही करीबी दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि शराब के नशे में बहन के चरित्र पर की गई टिप्पणी से नाराज होकर आरोपी ने पत्थरों से वार कर हत्या कर दी थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि 7 फरवरी को श्रीयंत्र मंदिर के पास गंगा तट की झाड़ियों में एक किशोर का शव मिला था। मृतक की पहचान कुणाल (15) पुत्र रोहिताश, निवासी रामपुर रायघाटी थाना लक्सर, हाल निवासी लाटोवाली थाना कनखल के रूप में हुई। कुणाल 6 फरवरी की शाम से लापता था और स्थानीय स्तर पर कढ़ी-चावल की दुकान पर काम करता था। पोस्टमार्टम में उसके सिर पर भारी पत्थर से कई वार किए जाने की पुष्टि हुई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के मित्रों से पूछताछ की, लेकिन प्रारंभिक स्तर पर कोई ठोस सुराग नहीं मिला। बाद में क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुणाल एक युवक के साथ शराब खरीदकर स्कूटी से जाते हुए दिखाई दिया। साथ मौजूद युवक की पहचान अरविंद उर्फ शिवम पुत्र संदीप शर्मा, निवासी पतवारी मंदिर के पीछे दुर्गा कॉलोनी, थाना गोवर्धन, मथुरा (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी लाटोवाली कनखल के रूप में हुई।

आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गईं और अंततः उसे मथुरा से गिरफ्तार कर हरिद्वार लाया गया। पूछताछ में अरविंद शर्मा ने बताया कि वह पेशे से इलेक्ट्रिशियन है और हरिद्वार में अपनी नानी के घर रह रहा था। उसके अनुसार वह और कुणाल आपस में मित्र थे तथा अक्सर साथ बैठकर शराब पीते थे। 7 फरवरी को भी दोनों श्रीयंत्र मंदिर के सामने सुनसान स्थान पर पहुंचे थे। शराब के दौरान कुणाल ने उसकी बहन के चरित्र को लेकर टिप्पणी कर दी। मना करने के बावजूद जब वह नहीं माना तो गुस्से में आकर अरविंद ने पत्थरों से उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी शव वहीं छोड़कर फरार हो गया।

मामले के खुलासे में थाना कनखल पुलिस, सर्विलांस सीआईयू टीम, कोतवाली नगर और रानीपुर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।