Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर लमगड़ा में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन

1001600623


लमगड़ा। अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर शनिवार, 3 जनवरी को जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के लमगड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकाला और भाजपा का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की गई। इस अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविन्द सिंह कुंजवाल ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी की निर्मम हत्या ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यह केवल एक बेटी की हत्या नहीं, बल्कि राज्य में कानून व्यवस्था की भयावह स्थिति का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों को बचाने में लगी हुई है। इतने गंभीर मामले में अब तक मुख्य साजिशकर्ताओं को संरक्षण मिलना सरकार की मंशा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पूरे प्रकरण में वीआईपी कनेक्शन को बचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि सरकार आखिर किसे बचा रही है। यदि सरकार में नैतिक साहस है तो इस मामले की निष्पक्ष जांच सीबीआई या उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराई जानी चाहिए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तक चैन से नहीं बैठेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सड़कों से लेकर सदन तक पूरी मजबूती के साथ लड़ी जाएगी। पुतला दहन में पूर्व जिला अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी अल्मोड़ा पीतांबर पांडे, ब्लॉक अध्यक्ष लमगड़ा मनोज रावत, महेंद्र सिंह मेर, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीवान सिंह सतवाल, देवेंद्र सिंह बिष्ट, पूरन बिष्ट, रजनी फर्त्याल, दीप सिंह डांगी, गोपाल सिंह चौहान, हेम कुमार आर्या, पूरन पाण्डे, राजेंद्र सिंह बेलवाल, त्रिलोक सिंह, रमेश बिष्ट आदि सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।