Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, राज्यपाल को भेजा ज्ञापन

Spread the love


अल्मोड़ा। जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश में बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज ने कहा कि उत्तराखंड में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और महिलाओं के खिलाफ अपराध, चोरी, लूट, नशे का कारोबार तथा हत्या जैसी वारदातें आम होती जा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार में आम नागरिक ही नहीं, बल्कि सरकारी अधिकारी और कर्मचारी भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ दल के जनप्रतिनिधियों पर भी मारपीट जैसे आरोप सामने आ रहे हैं और अल्मोड़ा जैसे शांत शहर में भी अपराधी खुलेआम पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाल की घटनाओं के बावजूद पुलिस अभी तक एक आरोपी बाबा को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है और राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस प्रशासन निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि प्रदेश में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, पुलिस तंत्र को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त किया जाए और महिलाओं सहित आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए तो कांग्रेस जनहित में आंदोलन करने को बाध्य होगी। ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, महिला जिलाध्यक्ष राधा बिष्ट, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, विनोद वैष्णव, आनंद बिष्ट, नारायण दत्त पाण्डेय, अधिवक्ता कुंदन भंडारी, बार एसोसिएशन के सचिव विनोद फुलारा, निर्मल रावत, बीके पाण्डे, गोविंद मेहरा, पार्षद दीपक कुमार, अनूप भारती, मुकेश कुमार, अधिवक्ता हिमांशु मेहता, धनंजय साह आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *