Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खाते का खुलासा, 82 से अधिक शिकायतें सामने आईं

Spread the love

रुद्रपुर। नानकमत्ता पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक संदिग्ध बैंक खाते के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस खाते से देश के विभिन्न राज्यों से 82 से अधिक साइबर फ्रॉड की शिकायतें जुड़ी पाई गई हैं।

साइबर सेल रुद्रपुर द्वारा म्यूल अकाउंट की जानकारी नानकमत्ता कोतवाली को उपलब्ध कराई गई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए एसआई संजय कुमार की तहरीर पर अज्ञात खाताधारक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया है कि उक्त बैंक खाते का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए लगातार किया जा रहा था। ठगों द्वारा लोगों को मोबाइल कॉल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और विभिन्न ऑनलाइन एप के माध्यम से निवेश पर अधिक रिटर्न, नौकरी और ऑनलाइन ट्रेडिंग में लाभ का झांसा देकर पैसे इस खाते में ट्रांसफर कराए जाते थे।

पुलिस के अनुसार यह खाता नानकमत्ता के कल्याणपुर क्षेत्र से जुड़ा पाया गया है और प्रथम दृष्टया इसका उपयोग वैध बैंकिंग कार्यों के बजाय ठगी की रकम को ठिकाने लगाने के लिए किया जा रहा था।

मामले में संबंधित बैंक अधिकारियों की भूमिका पर भी संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर खाताधारक की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच तेज कर दी है।