Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

देहरादून में कारोबारी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, तीन दिन में दूसरा हत्याकांड

Spread the love

देहरादून। राजधानी में अपराध की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। राजपुर रोड स्थित सिल्वर सिटी कॉम्प्लेक्स के पास शनिवार सुबह जिम से बाहर निकलते समय एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान विक्रम शर्मा के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी और खनन कारोबार से जुड़े थे।

पुलिस के अनुसार सहस्रधारा रोड स्थित ग्रीन व्यू निवासी विक्रम शर्मा रोज की तरह सुबह सिल्वर सिटी स्थित जिम में व्यायाम करने पहुंचे थे। जैसे ही वह जिम से बाहर निकले, पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली सीधे सिर में लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।

घटना के बाद घायल अवस्था में विक्रम शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार वह अपनी सुरक्षा के लिए लाइसेंसी पिस्टल साथ रखते थे, लेकिन हमलावरों ने इतनी तेजी से हमला किया कि उन्हें प्रतिक्रिया का मौका नहीं मिल सका।

सूचना मिलते ही मृतक की पत्नी सोनिया शर्मा मौके पर पहुंचीं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख निकास मार्गों और संभावित ठिकानों पर पुलिस टीमों द्वारा सघन चेकिंग की जा रही है।

देहरादून में तीन दिन के भीतर यह दूसरा हत्याकांड है। राजपुर रोड जैसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके में दिनदहाड़े हुई इस घटना से व्यापारी वर्ग और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले में आपसी रंजिश और कारोबारी प्रतिस्पर्धा सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।