Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

डिजिटल क्रॉप सर्वे के विरोध में फील्ड कार्मिकों ने किया धरना-प्रदर्शन

Spread the love

अल्मोड़ा। उद्यान, राजस्व, गन्ना और कृषि विभाग के फील्ड कार्मिकों ने डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य विभागीय कर्मचारियों से कराए जाने के विरोध में मंगलवार को गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान संगठनों ने निजी सर्वेयरों के माध्यम से यह कार्य कराने की मांग उठाई। धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्मिकों ने कहा कि डिजिटल क्रॉप सर्वे एक व्यापक और तकनीकी कार्य है, जिसे अन्य राज्यों की तरह निजी सर्वेयरों से कराना अधिक व्यावहारिक और प्रभावी होगा। उनका कहना था कि विभागीय कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार पड़ने से उनके नियमित कार्य प्रभावित हो रहे हैं और मानसिक व शारीरिक दबाव बढ़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान जनपद उत्तरकाशी में फार्मर रजिस्ट्री से जुड़े मामले में कृषि विभाग के कार्मिकों पर की गई कार्रवाई की भी निंदा की गई। संगठनों ने इसे अन्यायपूर्ण बताते हुए तत्काल निरस्त करने की मांग की। कार्मिकों ने सरकार से अपील की कि उनकी व्यावहारिक समस्याओं को ध्यान में रखते हुए डिजिटल क्रॉप सर्वे के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए। धरना-प्रदर्शन में मनोज कुमार आर्या, राजेंद्र सती, मनोज फर्त्याल, विपुल चौहान, सोनिया, अर्चना, नीरजा जोशी, विजय कुमार, पुष्पा नेगी, पूजा कनवाल, निर्मला देवरी, अंजली मेहता, गिरीश जोशी, महेंद्र सिंह, हेमंत सिंह नेगी, राजेंद्र प्रसाद, किशन गिरी, महेश चंद्र शर्मा, संतोष किरौला सहित कई कार्मिक उपस्थित रहे।