Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर महिलाओं को फंसाने का प्रयास, मुकदमा दर्ज

रुद्रपुर। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर महिलाओं से संपर्क करने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार आवास विकास रवींद्रनगर निवासी जोगेंद्र सिंह ने तहरीर देकर बताया कि वह एक सामाजिक संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास विकास क्षेत्र स्थित एक निजी कार्यालय में कार्यरत शाहनवाज नाम के युवक ने फेसबुक पर फर्जी नाम से आईडी बनाई है।

शिकायत में कहा गया है कि उक्त आईडी पर धार्मिक तस्वीर को प्रोफाइल फोटो के रूप में लगाकर आरोपी समुदाय विशेष की महिलाओं को फेसबुक मैसेंजर के माध्यम से संदेश भेज रहा था और उनसे संपर्क स्थापित करने का प्रयास कर रहा था। आरोप है कि वह झूठी पहचान का इस्तेमाल कर महिलाओं को भ्रमित करने की कोशिश कर रहा था।

ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी मोहन पांडे ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।