1001600623

Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

गढ़ी कैंट, टपकेश्वर, डाकरा में अतिक्रमण के खिलाफ जल्द होगी कार्रवाई

1001600623

देहरादून(आरएनएस)।  कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अपने कैंप कार्यालय में लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ गढ़ी कैंट स्थित कैनाल रोड-टपकेश्वर मार्ग एवं डाकरा बाजार क्षेत्र में सड़क मार्ग के सुधारीकरण और चौड़ीकरण कार्य को लेकर समीक्षा बैठक में चिन्हित अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक के दौरान मंत्री जोशी ने सड़क चौड़ीकरण में बाधा बन रहे अतिक्रमणों को चिह्नित कर हटाने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि सड़क पर किए गए सभी चिन्हित अतिक्रमणों को नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया जाए और इसके उपरांत ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाए।
मंत्री गणेश जोशी ने लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम द्वारा संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने को भी कहा, ताकि कार्यवाही में पारदर्शिता और गति सुनिश्चित हो सकें। उन्होंने कहा कि चौड़ीकरण की प्रक्रिया के दौरान स्थानीय निवासियों और प्रतिष्ठान स्वामियों को न्यूनतम क्षति हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सड़क को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सके। डाकरा बाजार में रेहड़ी-ठेली के संबंध में पुलिस प्रशासन को निर्देशित किया कि सभी का वेरीफिकेशन कर नियमानुसार कार्यवाही करे। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को अनारवाला-मालसी मार्ग के चौड़ीकरण तथा किमाडी मोटर मार्ग में आ रही सभी विसंगतियों को दूर कर कार्य को तेज गति से करने के निर्देश दिए। मौके पर पूर्व सभासद विष्णु प्रसाद गुप्ता, अधीक्षण अभियंता सिंचाई विभाग संजय राज, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता सिंचाई दीक्षांत गुप्ता, सिंचाई विभाग सहायक अभियंता पवन कुमार, एसपी सिटी देहरादून प्रमोद कुमार, एसएचओ गढ़ी कैंट कमल कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मसूरी डायवर्जन से कोठालगेट चौड़ीकरण में लाए तेजी कैबिनेट मंत्री ने मसूरी डाइवर्जन से कोठालगेट तक सड़क चौड़ीकरण में वन स्वीकृति से संबंधित लंबित प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने के भी निर्देश। इस संबंध में उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक अनुमतियां जल्द से जल्द जारी करने को कहा।