Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

शारदा पब्लिक स्कूल में ‘द ड्राफ्ट ए प्रोज़ एंथलॉजी’ का भव्य विमोचन

Spread the love


अल्मोड़ा, 8 दिसंबर 2025

शारदा पब्लिक स्कूल में आज एक गरिमामय साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा रचित पुस्तक “द ड्राफ्ट ए प्रोज़ एंथलॉजी” का औपचारिक विमोचन हुआ। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, रचनात्मकता और प्रेरणा से भरपूर रहा।

विमोचन समारोह के मुख्य अतिथि प्रख्यात साहित्यकार अशोक पांडे तथा विशिष्ट अतिथि प्रोफेसर सुदीप सेन ने पुस्तक का अनावरण विद्यालय की प्रधानाचार्या विनीता शेखर के साथ संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों की लेखन यात्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि रचनात्मक लेखन न केवल अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है, बल्कि यह सोचने, समझने और समाज को देखने का अनोखा दृष्टिकोण भी प्रदान करता है।

मुख्य अतिथि अशोक पांडे ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को साहित्य-सृजन की निरंतरता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया और कहा कि “लेखन जीवन की सूक्ष्म अनुभूतियों को शब्द देने की कला है, और शारदा पब्लिक स्कूल के बच्चों ने इस कला में अद्भुत शुरुआत की है।”
वहीं, विशिष्ट अतिथि सुदीप सेन ने बच्चों की कल्पनाशक्ति और लेखन कौशल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल बच्चों के आत्मविश्वास को नई ऊँचाइयाँ प्रदान करती है।

पुस्तक “द ड्राफ्ट ए प्रोज़ एंथलॉजी” में विद्यार्थियों द्वारा कहानी लेखन और निबंध लेखन के अंतर्गत किए गए रचनात्मक प्रयासों का संग्रह है। यह पुस्तक फरवरी माह से विद्यालय में आयोजित लेखन कार्यशाला का परिणाम है, जिसमें बच्चों ने नियमित अभ्यास, मार्गदर्शन और साहित्यिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी लेखन क्षमता को निखारा। पुस्तक के संपादक निशांत अवस्थी हैं, जिन्होंने बच्चों के रचनात्मक विचारों को सुंदर संकलन का रूप दिया।

समारोह के समापन पर विद्यालय की प्रधानाचार्या  विनीता शेखर ने सभी अतिथियों, अभिभावकों, गणमान्य व्यक्तियों और विद्यालय परिवार का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह पुस्तक न केवल विद्यार्थियों के प्रयासों का परिणाम है, बल्कि भविष्य में उनकी प्रतिभा को नई दिशा देने का माध्यम भी बनेगी। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं।

यह कार्यक्रम विद्यालय में साहित्यिक जागरूकता और रचनात्मक कौशल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *