रुद्रपुर(आरएनएस)। सूरजमल यूनिवर्सिटी में नर्सिंग के छात्रों ने इंडियन नर्सिंग काउंसिल (आईएनसी) अप्रूवल की मांग को लेकर वीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। छात्रों ने प्रबंधन पर पूर्व में हुए समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाया। हंगामा बढ़ने पर पुलभट्टा पुलिस मौके पर पहुंची। कॉलेज की प्रिंसिपल ने छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी मांगों पर अड़े रहे। जानकारी के अनुसार, 17 जनवरी को पुलभट्टा स्थित सूरजमल यूनिवर्सिटी के नर्सिंग छात्रों ने कॉलेज गेट पर धरना देकर आईएनसी अप्रूवल की मांग उठाई थी। इसके बाद प्रबंधन और छात्रों के बीच वार्ता हुई थी। नर्सिंग कोर्स के सिक्स सेमेस्टर के छात्र लकी प्रकाश ने बताया कि 5 फरवरी को दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था, जिसमें प्रबंधन ने आईएनसी अप्रूवल के लिए चार माह का समय मांगा था। साथ ही अप्रूवल न मिलने पर छात्रों को फीस का चार गुना मुआवजा देने की बात कही गई थी। आरोप है कि अब प्रबंधन अपने वादे से पीछे हट रहा है। बुधवार को छात्रों ने वीसी कार्यालय के बाहर धरना देकर विरोध जताया। साथ ही प्रिंसिपल का घेराव भी किया। कॉलेज की प्रिंसिपल सबीना बेन ने वार्ता के माध्यम से समाधान का प्रयास किया, लेकिन छात्र लिखित आश्वासन की मांग पर अड़े रहे। 120 विद्यार्थी कर रहे नर्सिंग कोर्स किच्छा। छात्र लकी प्रकाश के अनुसार, वर्तमान में 120 विद्यार्थी नर्सिंग कोर्स कर रहे हैं। यह कॉलेज का पहला बैच है। प्रवेश के समय प्रबंधन ने जल्द आईएनसी अप्रूवल मिलने का दावा किया था। छात्रों का कहना है कि आईएनसी पंजीकरण के बिना उन्हें न तो सरकारी नौकरी मिल सकती है और न ही विदेश में रोजगार के अवसर मिलेंगे। उनका आरोप है कि पिछले तीन वर्षों से उन्हें आश्वासन ही दिया जा रहा है।
आईएनसी अप्रूवल की मांग को लेकर नर्सिंग छात्रों का हंगामा


