Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर दिया धरना

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के आह्वान पर कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ धरना देकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तराखंड के आह्वान पर चल रहे आंदोलन का द्वितीय चरण शनिवार से शुरू हो गया। द्वितीय चरण के अंतर्गत कर्मचारियों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर गांधी रोड स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में धरना–प्रदर्शन किया। संयुक्त कर्मचारी परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पांडे एवं प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने कहा कि परिषद की ओर से विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र सरकार को भेजा गया लेकिन सरकार की ओर से सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया। कहा कि 10, 16 एवं 26 वर्ष की सेवा के बाद एसीपी, गोल्डन कार्ड में सुधार, वाहन भत्ता, आठवें वेतन आयोग का गठन, निगम, निकाय, विश्वविद्यालय एवं वर्दीधारी कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारी मुखर है। गोल्डन कार्ड की खामियों को लेकर कर्मचारियों में रोष है। प्रदेश भर से 250 से अधिक घटक संगठन इस आंदोलन में भाग ले रहे हैं। संगठन अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर आंदोलन कर रहे हैं। कार्यक्रम की समाप्ति के उपरांत सभी जनपदों में परिषद के पदाधिकारियों ने 18 सूत्रीय मांग पत्र को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया। प्रांतीय प्रवक्ता हर्षडी जोशी ने कहा कि जब तक कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों पर ठोस एवं सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं निर्णायक रूप दिया जाएगा।