देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को छः साल के लिए पार्टी ने निष्कासित कर दिया है। पिछले कई दिनों से उनकी भाजपा में शामिल होने की चर्चा चल रही है। सूत्रों के अनुसार किशोर उपाध्याय भाजपा चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी के नेतृत्व में आज बीजेपी में शामिल हो जाएंगे। भारतीय जनता पार्टी द्वारा टिहरी विधानसभा पर प्रत्याशी ना घोषित किए जाने को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि किशोर उपाध्याय टिहरी विधानसभा से चुनाव लड़ सकते हैं।
हाल ही में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय को सभी पदों से हटा दिया था। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने किशोर उपाध्याय को सभी पदों से हटाने का आदेश जारी किया था।