Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

महिला दिवस पर अल्मोड़ा पुलिस का विशेष थाना दिवस, सुनी गईं महिलाओं की समस्याएं

Spread the love

अल्मोड़ा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जनपद के सभी थानों में ‘कोशिश – एक नई आशा’ थीम के तहत महिला सुरक्षा को समर्पित विशेष थाना दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पुलिस महानिरीक्षक कुमाऊं परिक्षेत्र के निर्देश पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के के निर्देशन में आयोजित हुआ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के ने कोतवाली अल्मोड़ा में उपस्थित रहकर महिलाओं की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह ने कोतवाली रानीखेत में तथा क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद ने कोतवाली द्वाराहाट में लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा जनपद के सभी थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों में विशेष थाना दिवस आयोजित कर महिलाओं से संबंधित शिकायतों को सुना।

थाना दिवस के दौरान जनपद भर में कुल 12 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें सात शिकायतें महिलाओं से संबंधित थीं। पुलिस के अनुसार सभी शिकायतों का समाधान कर दिया गया।

इस आयोजन का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित, सशक्त और जागरूक बनाना तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना रहा। कार्यक्रम के दौरान महिला हेल्पलाइन और ऐच्छिक ब्यूरो में लंबित मामलों से संबंधित महिलाओं की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना गया और उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर पुलिस लाइन अल्मोड़ा में महिलाओं के लिए निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर भी लगाया गया, जिसमें जिला चिकित्सालय की महिला चिकित्सकीय टीम ने महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, दहेज उत्पीड़न, छेड़छाड़ और अन्य अपराधों से संबंधित कानूनी प्रावधानों तथा महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में भी जागरूक किया गया।