अल्मोड़ा। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जनपद की तीन न्याय पंचायतों में बहुउद्देशीय शिविरों का आयोजन किया गया। विकासखंड भिकियासैंण की न्याय पंचायत पाली, चौखुटिया की वेतनधार और स्याल्दे विकासखंड की न्याय पंचायत गुदलेख में आयोजित इन शिविरों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। शिविरों के माध्यम से कुल 1664 लोगों को अलग-अलग विभागों की योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इनमें न्याय पंचायत पाली में 949, वेतनधार में 536 और गुदलेख में 179 लोग शामिल रहे। शिविरों में विभागीय अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही लोगों की समस्याएं सुनी गईं और कई मामलों का निस्तारण भी किया गया। विकासखंड भिकियासैंण की न्याय पंचायत पाली में आयोजित शिविर में मुख्य विकास अधिकारी ने प्रतिभाग किया और व्यवस्थाओं के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का निरीक्षण किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया और आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिविर के उपरांत मुख्य विकास अधिकारी ने न्याय पंचायत पाली के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्रामों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान विकास कार्यों, मूलभूत सुविधाओं और योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया गया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं और योजनाओं का लाभ अनिवार्य रूप से पात्र लोगों तक पहुंचे। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को जनता के और अधिक नजदीक लाना है, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो सके और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के तहत बहुउद्देशीय शिविर आयोजित






