अल्मोड़ा। नगर पालिका महापौर अजय वर्मा ने गुरुवार को जाखनदेवी, लक्ष्मेश्वर और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। भ्रमण के दौरान उन्होंने चौसार और डाइट परिसर में उन स्थानों का जायजा लिया, जहां पूर्व में नगर निगम द्वारा स्थापित कूड़ेदान हटाए गए थे। उन्होंने यह जानकारी ली कि इन स्थलों पर वर्तमान में कचरा निस्तारण की क्या व्यवस्था की गई है। क्षेत्रवासियों ने बताया कि अब सड़क किनारे खड़े कूड़ा वाहनों में लोग सीधे अपना कचरा डाल रहे हैं, जिससे क्षेत्र में स्वच्छता बनी हुई है। साथ ही पर्यावरण मित्रों द्वारा घर-घर जाकर कूड़ा एकत्र कर उसे निर्धारित वाहन में डाला जा रहा है और उसका समुचित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों और विद्यालयों के बच्चों ने बताया कि कूड़ेदान हटाए जाने के बाद बंदरों, आवारा कुत्तों और गोवंशों से राहत मिली है। अब पहले की तरह कचरा सड़क पर नहीं फैलता और वातावरण भी साफ-सुथरा रहता है। नागरिकों ने नगर निगम के इस प्रयास की सराहना करते हुए महापौर का आभार व्यक्त किया। महापौर अजय वर्मा ने आमजन से अपील की कि सभी नागरिक कूड़ा केवल निर्धारित कूड़ा वाहनों में ही डालें ताकि नगर स्वच्छ और सुंदर बना रहे। साथ ही किसी प्रकार की समस्या होने पर नगर निगम को तत्काल सूचित करें। भ्रमण के दौरान महापौर ने मुख्य सफाई निरीक्षक को मौके पर ही निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था को नियमित बनाए रखा जाए और जहां कहीं भी कचरा दिखे, उसे तत्काल हटवाया जाए।
नगर पालिका महापौर अजय वर्मा ने जाखनदेवी, लक्ष्मेश्वर और आसपास के क्षेत्रों का दौरा कर स्वच्छता व्यवस्था का किया निरीक्षण


