Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नगर निगम की जमीन की रजिस्ट्री कराने की डील कर लाखों हड़पने में पूर्व पार्षद दंपति पर केस

देहरादून(आरएनएस)।   नगर निगम की जमीन की रजिस्ट्री कराने का झांसा दे पूर्व भाजपा पार्षद राकेश वाल्मीकि उर्फ तिनका और उसकी पत्नी नीतू वाल्मीकि ने 42.50 लाख रुपये हड़प लिए। मुख्यमंत्री के दरबार में की गई शिकायत के बाद रायपुर थाना पुलिस रविवार को आरोपी दंपति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। जोगीवाला, हरिद्वार रोड निवासी पर्व वालिया ने मुख्यमंत्री के यहां शिकायत दी। बताया कि पूर्व पार्षद नीतू वाल्मीकि और उनके पति राकेश वाल्मीकि ने उन्हें नगर निगम की एक जमीन दिखाई थी। आरोपियों ने दावा किया कि निगम यह जमीन आवंटित कर रहा है। पार्षद होने का रौब गालिब करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी ऊपर तक सेटिंग है और वे यह जमीन उनके नाम करवा देंगे। इसके एवज में आरोपियों ने अलग-अलग समय पर पीड़ित से करीब 70 से 75 लाख रुपये ऐंठ लिए। आरोपियों ने प्रधानमंत्री के सलाहकार, निजी सचिव और अन्य वीआईपी के साथ अपनी तस्वीरें दिखाकर अपने रसूख का हवाला दिया। रकम देने के बाद काफी समय बाद भी जमीन की रजिस्ट्री नहीं हुई। तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ और रकम वापस मांगी। इस दौरान दंपति ने धमकाना शुरू कर दिया। उन्होंने धमकी दी कि अगर पैसे मांगे तो एससी-एसटी एक्ट में गिरफ्तार करवा देंगे। बाद में पता चला कि ये दंपति पहले भी कई लोगों के साथ इसी तरह का फर्जीवाड़ा कर चुके हैं। पीड़ित के अनुसार दबाव बनाने पर रायपुर थाने में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था। तब आरोपी राकेश ने आठ लाख रुपये वापस किए थे और पुलिस के सामने लिखित समझौता किया था कि वह बाकी बचे 42.50 लाख रुपये दो महीने के भीतर लौटा देगा। इस बात को 4-5 महीने बीत चुके हैं। पीड़ित थाने के चक्कर काट रहा है। आरोपी अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देकर पुलिस के सामने पेश नहीं हो रहा है। मां के कैंसर के इलाज को परेशान पीड़ित पीड़ित पर्व वालिया ने बताया कि उनकी मां मुंह के कैंसर से जूझ रही हैं और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उनका महंगा इलाज चल रहा है। उन्हें पैसों की सख्त जरूरत है। बता दें कि आरोपी राकेश वाल्मीकि के खिलाफ इससे पहले भी धोखाधड़ी के कई केस दर्ज हैं और उस पर पुलिस गुंडा एक्ट के तहत भी कार्रवाई कर चुकी है। एसओ रायपुर गिरीश नेगी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।