Apna Uttarakhand News

अपना उत्तराखंड न्यूज

Advertisement

नामी होटल के कमरे से लाखों के जेवर चोरी

Spread the love

देहरादून(आरएनएस)। राजपुर रोड स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में शादी समारोह में शामिल होने आए कोटद्वार के एक परिवार के कमरे से लाखों रुपये के सोने के जेवर चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर राजपुर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। आशीष कुकरेती निवासी देवी रोड, पदमपुर, कोटद्वार अपनी पत्नी अनामिका और बेटे के साथ चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए तीन दिसंबर को देहरादून आए थे। वे राजपुर रोड पर जाखन स्थित होटल में ठहरे थे। आशीष ने बताया कि चार दिसंबर को सुबह हल्दी समारोह के बाद दोपहर करीब तीन बजे उनकी पत्नी कमरे में लौटीं। उन्होंने अपनी सोने की ज्वैलरी (नथ, कंगन, मांगटीका आदि) उतारकर एक पाउच में रखकर बेड पर छोड़ दिया। तहरीर के मुताबिक दोपहर करीब 3:45 बजे होटल का हाउसकीपिंग स्टाफ कमरे में सफाई के लिए आया। इस दौरान आशीष कुर्सी पर बैठे-बैठे सो गए और पत्नी दूसरे कमरे में चली गईं। रात करीब 8:30 बजे परिवार शादी समारोह में चला गया। देर रात एक बजे जब वे वापस लौटे और पत्नी ने ज्वैलरी का पाउच चेक किया। वह गायब मिला। काफी तलाश के बाद भी जेवर नहीं मिले। इसके बाद रात 2:50 बजे होटल रिसेप्शन और पुलिस को सूचना दी गई। इंस्पेक्टर राजपुर प्रदीप रावत ने बताया कि शिकायत पर चोरी की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस कमरे में सफाई करने गए हाउस कीपिंग स्टाप से पूछताछ कर रही है।